गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर चोरों को वेव सिटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये वाहन चोरी कर दिल्ली, राजस्थान में बेचते हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी की तीन कार बरामद की है। पकड़े गए चोरों में एक मैकेनिक है और एक एलएलबी का छात्र है। गैराज पर ठीक होने के लिए आने वाली कारों की दूसरी चाबी बनाकर ऑन डिमांड उन्हें चोरी करते हैं।
एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए चोर हापुड़ कपूरपुर के गांव दाहिरपुर निवासी सोनू और नई दिल्ली के जामिया नगर शाहीन बाग निवासी मुस्तफा हैं। सोनू 10वीं पास मैकेनिक है और मुस्तफा ने हाल में ही एलएलबी की पढ़ाई पूरी की है अब वह प्रैक्टिस कर रहा है। सोनू से पूछताछ में रवि का नाम भी सामने आया है। उसकी तलाश की जा रही है। सोनू पर आठ और मुस्तफा पर दो तीन मुकदमे दर्ज हैं।
-जेल में हुआ तीनों का साथ
पूछताछ में सोनू ने बताया कि उसकी जेल में रवि और मुस्तफा से मुलाकात हुई। जेल से बाहर आने के बाद वे तीनों वाहन चोरी करने लगे। वह मैकेनिक है और मुस्तफा कार खरीदने बेचने का काम करता है। मुस्तफा कारों की डिमांड लाता है। डिमांड के अनुसार गैराज पर आने वाले कार की दूसरी चाबी बनाकर वह उसे निशाना बनाकर चोरी करके बेच देते हैं।