कौशांबी। सुनसान रास्तों पर महिलाओं, युवतियाें और युवकों को टारगेट बनाकर चोरी की बाइकों से चेन व फोन लूटने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को कौशांबी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी फरार है। पुलिस को इनसे चोरी की दो बाइक, लूट के दो फोन और 8100 रुपये बरामद हुए हैं। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि समीर निवासी ईशा चौक दिल्ली वजीराबाद, प्रिंस निवासी झंडापुर और अयान उर्फ शाहनवाज निवासी लखनापुर कर्नलगंज को वैशाली चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है पूछताछ में आकाश निवासी श्यामपार्क साहिबाबाद का नाम पता चला है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तीनों लूटने के बाद फोन व चेन को सस्ते दाम में बेच देते हैं। प्रिंस और अयान पर चोरी के तीन व लूट का एक मुकदमा जबकि समीर पर चोरी-लूट के 11 मुकदमे दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।