गाजियाबाद। पांच घंटे तक रुक रुककर हुई बेमौसम बारिश ने शहर के नालों की सफाई की पोल खोल दी। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं जगह जगह सड़कों पर हुए जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मेरठ तिराहा, हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन अंडर पास और गऊशाला अंडरपास पर जलभराव हो गया।
नालों की सफाई के लिए हर साल करोड़ों रुपये का टेंडर छोड़ा जाता है। बावजूइ इसके बारिश आने पर नाले दावों की पोल खोल देते हैं। सीवर सफाई पर भी लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सीवर सफाई का ठेका निजी कंपनी को दिया गया है। बेमौसम बारिश से सीवर भी सड़कों पर बहने लगे। विजय नगर जोन में बिहारीपुरा, सुंदरपुरी, मालीवाड़ा, लोहियानगर, गोविंदपुरम, हरसांव में सीवर बारिश के साथ सड़क पर बहने लगा। विजयनगर सर्विस रोड एनएच नौ के निकट सर्विस रोड नाले के गंदे पानी से भर गया। लोगों को जलभराव के बीच गुजराना पड़ा। औद्योगिक क्षेत्रों में नालियां नहीं होने से टूटी सड़कें जलमग्न हो गईं। मार्बल मार्केट में टूटी सड़क पर जलभराव हो गया।
मेरठ तिराहे पर लगा लगा जाम
जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से मेरठ तिराहा और लालकुआं चौराहे पर लंबा जाम लग गया। जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूट गए। कई लोगों के वाहन साइलेंसर में पानी जाने से बंद हो गए। धक्का लगाकर वाहनों को बाहर निकाला।
जल निकासी के लिए लगाए गए पंप
महाप्रबंधक जलकल आनंद त्रिपाठी ने बताया कि सभी जोनों में जलभराव वाले स्थानों पर पंप लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है। प्रत्येक जोन में पांच पांच कर्मियों को लगाया गया है।