इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र के वैभवखंड स्थित आम्रपाली रॉयल सोसायटी में रविवार सुबह यूनियन बैंक के रीजनल मैनेजर योगेश कुमार ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार के लोग उन्हें पंखे से उतारकर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार रीजनल मैनेजर योगेश कुमार सोसायटी के उर्वशी-1 टावर में रहते थे। वह मेरठ के यूनियन बैंक में तैनात थे। रात में उन्होंने परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद कमरे में सोने चले गए। सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पत्नी व अन्य सदस्य उन्हें उठाने पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर कोई आवाज न होने पर उन्हें शक हो गया। किसी तरह दरवाजा खोलकर परिजन उन्हें नोएडा के अस्पताल ले गए। नोएडा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर इंदिरापुरम पुलिस को सूचना दी। पुलिस उनके घर पहुंची तो कमरे से कुछ नहीं मिला। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार उनका व्यवहार सामान्य था।