साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के मोहन नगर में फैक्टरी जा रहे पसौंडा निवासी गुलफाम और उनके चाचा नूरहसन को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में नूरहसन गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि गुलफाम को हल्की चोट आई है। उनको ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गुलफाम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 फरवरी को वह अपने चाचा को बाइक से फैक्टरी ले जा रहे थे। मोहन नगर में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। बताया कि कार का नंबर लोगों ने दर्ज कर लिया था। इसके बाद उन्होंने अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि कार नंबर से मालिक का पता लगाकर नोटिस भेजा गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही और जल्द ही आरोपी चालक पर कार्रवाई की जाएगी।