गाजियाबाद। दोस्त की बर्थडे पार्टी में दो किशोरों ने तमंचा लहराकर डांस किया। साथ ही रील बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड कर दी। तमंचा और कारतूस के साथ दोनों किशोरों की रील वायरल हुई तो नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों की पहचान कर पकड़ लिया है। इनसे एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार को दो किशोरों की तमंचे सहित रील वायरल हो रही थी। इसका संज्ञान लेकर नगर कोतवाली पुलिस ने किशोरों की पहचान की। किशोर नगर कोतवाली क्षेत्र के एक कालोनी में रहते हैं। पूछताछ में किशोरों ने बताया कि वह दोस्त की बर्थडे पार्टी में गए थे। इसी दौरान स्नैपचैट के लिए तमंचे के साथ रील बनाई थी। दोनों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जा रहा है।