गाजियाबाद। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर और शिव शक्ति धाम मंदिर, डासना के महंत यति नरसिंहानंद के बयान के बाद मंदिर के बाहर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों समीर व फरमान निवासी मसूरी को गिरफ्तार किया है। मामले में वेव सिटी और कोतवाली थाना पुलिस अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा पुलिस वीडियो और फोटो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान में जुटी हुई है। साथ ही पुलिस 100 से ज्यादा सोशल मीडिया के ग्रुपों पर भी नजर बनाए हुए है।
महंत के बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुक्रवार रात डासना मंदिर के बाहर लोगों ने हंगामा किया था। मामले में पुलिस ने 100 से 150 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। प्रकरण ने पुलिस ने वीडियो के आधार पर अब तक छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, नगर कोतवाली पुलिस ने भी कैलाभट्ठा में प्रदर्शन करने पर पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। बता दें कि, कमिश्नरेट पुलिस ने पूरे मामले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पांच केस दर्ज किए हैं। दो मुकदमे वेव सिटी, दो मुकदमे मसूरी व एक मुकदमा कोतवाली में दर्ज हुआ है।
एडिशनल सीपी दिनेश पी. ने बताया कि वीडियो और फोटो से पहचान होने के बाद फरमान और समीर को गिरफ्तार किया है। उनको कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। दोनों के सोशल मीडिया एकाउंट को भी पुलिस खंगाल रही है। उनके मोबाइल से हुई चैट को भी पुलिस जांच का हिस्सा बनाएगी। किसी भी स्थिति में भड़काऊ पोस्ट डालने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। ्