साहिबाबाद। लिंकरोड थानाक्षेत्र के चन्द्रनगर और महाराजपुर में तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। उसका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक वाहन को कब्जे में लेकर चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
बृजविहार के सी ब्लॉक में रहने वाले पुष्पेंद्र कुमार ने शिकायत दी कि 11 मई की रात 10:20 बजे वह भाई कौशलेंद्र राठौर के साथ काम करके घर लौट रहे थे। रास्ते में खाना लेने के लिए दोनों चन्दरनगर में कमल ढाबा जाने के लिए सीधे हाथ की तरफ बाइक मोड़ रहे थे। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। लोगों ने दोनों घायलों को दिल्ली के हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत देखकर तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान कौशलेंद्र की मृत्यु हो गई जबकि इलाज के बाद लिंकरोड थाने पहुंचकर आर्टिका गाड़ी के नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा कराया।
दूसरी तरफ, मधुबनी बिहार के शान्तनु कुमार सिंह ने बताया कि भाई शैलेंद्र कुमार सिंह साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र की एक निजी कंपनी में काम करने साइकिल से जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे महाराजपुर कट के पास तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वसुंधरा सेक्टर-15 के निजी अस्पताल में गंभीर घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को वाहन नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी साहिबाबाद रजनीश कुमार का कहना है कि दो घटनाओं में टक्कर मारने वाले एक वाहन को कब्जे में लेकर चालकों की तलाश कर रहे हैं। एक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। दूसरे युवक की जीटीबी अस्पताल से पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। चालकों को जल्द पकड़ लेंगे।
-