साहिबाबाद। कोतवाली क्षेत्र की एक काॅलोनी में 25 साल के कुरियर बॉय ने महिला मित्र पर पांच लाख रुपये के लिए ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाकर फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कमरे से सुसाइड नोट बरामद किया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
यहां काॅलोनी में कुरियर का काम करने वाला युवक माता-पिता, बहन और भाई के साथ रहता था। शनिवार को उसने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। परिवार के लोगों ने आत्महत्या की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को सुसाइड नोट मिला। जिसमें युवक ने पड़ोस की एक महिला पर संबंध बनाकर उससे दो लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया। नोट में आगे लिखा था कि आरोपी महिला युवक को दाेबारा ब्लैकमेल कर उससे पांच लाख रुपये की मांग कर रही थी। रुपये नहीं देने पर वह हंगामा करने और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रही थी। उसकी प्रताड़ना से परेशान से होकर आत्महत्या करने का कदम उठाया। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय का कहना है कि परिजनों से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।