गाजियाबाद/मसूरी। सोनी एंक्लेव में बृहस्पतिवार रात को करीब ढाई बजे 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर आग लगने के बाद फट गया। इसके बाद 20 हजार से ज्यादा की आबादी अंधेरे में डूब गई। आग की लपटों ने पास के रिजवान के मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इससे उनके घर का का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घर के लोगो ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
आरोप है कि रिजवान के बच्चे के पैर पर चिंगारी लगने से वह झुलस गया। वहीं आग की तपिश से परेशान आसपास के लोगों ने दो घंटे का समय बाहर गुजारा। इस दौरान सोनी एंक्लेव के अलावा जाफर कालोनी, मुगल गार्डन, ताज कॉलोनी, करीम कॉलोनी, जाकिर कॉलोनी, चांद कॉलोनी, मोमिन कॉलोनी, एनटीपीसी रोड की करीब 20 हजार की आबादी अंधेरे में डूब गई। दमकल की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों आपूर्ति बहाली के प्रयास शुरू कर दिए। इसके अलावा लाल कुआं बिजली घर से मसूरी, डासना को जाने वाली हाइटेंशन लाइन में फॉल्ट होने से बड़ी आबादी ने रात एक बजे तक कटौती झेली।
कई लोगाें ने इस मामले में शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की। करीब 15 घंटे बाद शुक्रवार को आपूर्ति सुचारू हो सकी। इस बारे में उपखंड अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि ओवरलोड के कारण पहले ट्रांसफार्मर में मामूली चिंगारी उठी और फिर आग लग गई। आपूर्ति बहाली के लिए तभी प्रयास शुरू कर दिए गए थे।
पॉश इलाके में लोगों ने झेली कटौती : शुक्रवार को दिन में कविनगर क्षेत्र में करीब तीन घंटे की कटौती की गई। इसके अलावा राजनगर, औद्योगिक क्षेत्र, मेरठ रोड, संजयनगर, गोविंदपुरम, आंबेडकर रोड पर भी साढ़े तीन से चार घंटे की कटौती होने से लोगाें को परेशानी हुई। मुख्य अभियंता नीरज स्वरूप ने बताया कि डिमांड अधिक होने की वजह से फॉल्ट बढ़ रहे है, इसी कारण बिजली जाने की समस्या बनी हुई है।