गाजियाबाद। नंदग्राम में शनिवार रात 11 बजे ट्रांसफार्मर फुंकने से 18 घंटे तक बिजली की आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने फोन भी उठाना बंद कर दिया। इन्वर्टर जवाब दे गए। सुबह मोटर न चल पाने से पानी का भी संकट हो गया।
आदर्श नगर निवासी सतीश त्यागी ने बताया कि रात बिजली गुल हो गई थी। बिजली नहीं होने से नंदग्राम के ए ब्लॉक, आदर्श नगर, विकलांग कालोनी, ओम एंक्लेव सहित कई मोहल्लों में पानी की मोटर भी नहीं चली। इस कारण से लोगों को 25 से 30 रुपये में पानी की बोतल खरीदकर दैनिक कार्य करना पड़ा। उपकेंद्र पर शिकायत करने पर पता चला कि रात में ओवरलोडिंग होने से ट्रांसफार्मर फुंक गया है, जिसे सही करने में समय लगेगा। सब स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों ने रविवार दोपहर एक बजे तक सप्लाई सुचारू होने का आश्वासन दिया, शाम तीन बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हुई, लेकिन फॉल्ट के चलते बिजली दोबारा आपूर्ति प्रभावित हो गई।
अन्य कॉलोनियों में बिजली गुल होने से लोग हुए परेशान
नो कट जोन होने के बावजूद शहर की पॉश कॉलोनियों राजनगर, शास्त्री नगर, कविनगर, गोविंदपुरम, राजनगर एक्सटेंशन, क्रॉसिंग रिपब्लिक में भी दो से तीन घंटे बिजली गुल रही। विजयनगर में सात घंटे, पटेल नगर क्षेत्र में छह घंटे, इस्लाम नगर में पांच घंटे, दिल्ली गेट में तीन घंटे, संजय नगर में चार घंटे बिजली गुल रही।
तीन घंटे में फाल्ट दूर करने के दावे फेल
शासन के निर्देश पर ऊर्जा निगम ने दावा किया था कि बिजली से संबंधित बड़ा फाल्ट होने पर तीन घंटे में समस्या दूर कर ली जाएगी, लेकिन यह दावे हवा-हवाई हो रहे हैं। लोहियानगर में ट्रांसफार्मर फुंकने पर 14 घंटे में आपूर्ति सुचारू हुई थी। वहीं नंदग्राम में 15 घंटे के बाद बिजली आनी शुरू हुई।
मेरठ से मंगवाया गया ट्रांसफार्मर
एसडीओ विशाल कंसल ने बताया कि आदर्शनगर में लगा चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। मोदीनगर मुरादनगर और गाजियाबाद के स्टोर में ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं होने से मेरठ से मंगाया गया। इसके बाद आपूर्ति सुचारू की गई।