साहिबाबाद। प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान रविवार को लोगों को करीब 45 मिनट तक जाम से जूझना पड़ा। प्रधानमंत्री का काफिला टीएचए में प्रवेश करने से करीब आधा घंटे पहले ही यूपी गेट, डाबर चौराहा, मोहननगर, महाराजपुर मार्ग और सौर ऊर्जा मार्ग पर यातायात रोक दिया गया। सुबह 11ः55 बजे प्रधानमंत्री के साहिबाबाद रैपिड स्टेशन से रवानगी के बाद 11ः58 बजे यातायात सुचारू किया गया। इसके बाद भी स्थिति यह रही कि करीब 20 मिनट तक वाहन रेंग-रेंगकर निकले। दोपहर करीब 12ः15 से 12ः30 बजे के बीच स्थिति पूरी तरह सामान्य हो सकी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। कार्यक्रम के सकुशल समाप्ति के बाद डीसीपी निमिष पाटिल व एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने टीएचए के पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया।