गाजियाबाद। साइबर ठगों ने वैशाली के रहने वाले अमित कुमार चटर्जी को उनका सिम 4जी से 5जी में बदलने और ऐसा नहीं करने पर नंबर के बंद होने का डर दिखाकर उनके नाम पर 25 लाख का ऋण ले लिया। साथ ही उनके खाते से भी लाखों रुपये निकाल लिए। बैंक से ई-मेल आने पर उन्हें ठगी का पता चला। उन्होंने साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में अमित कुमार ने बताया कि सात अक्तूबर को वह काम से शिमला जा रहे थे। इस दौरान उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को टेलीकॉम कंपनी से बताया और कहा अगर वह तुरंत नंबर को 5जी में नहीं बदलवाते हैं तो सिम बंद हो जाएगा। इसके बाद उन्हें कंपनी एप पर कुछ सेटिंग बताई। इसके बाद एक कोड मोबाइल पर आया वह पूछा। इस दौरान कॉलर ने बताया कि एक दिन के लिए नंबर बंद रहेगा।
अगले दिन कॉल कर मेल को कंफर्म किया गया तो पता चला कि उनकी वॉलेट सर्विस बंद हो गई। साथ ही ई-मेल पर बैंक से ऋण के संबंध में जानकारी मिली। बैंक से पता चला कि आरोपियों ने प्री अप्रूव्ड ऋण को खाते में ट्रांसफर करने के साथ वॉलेट से लिंक क्रेडिट कार्ड से भी पेमेंट निकाल ली। पुलिस को जांच में पता चला कि शातिरों ने क्लोन सिम को एक्टिवेट कराकर ठगी की है। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। शातिरों को ट्रेस करने के लिए टीम लगी है।