फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: बोर्ड परीक्षा में अंक बढ़वाने का झांसा दे रहे साइबर ठग

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। हैलो... मैं यूपी बोर्ड से बोल रहा हूं। आपके बेटे ने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। वह गणित और विज्ञान में फेल हो गया है। मुझे कुछ पैसों की जरूरत है। अगर आप इंतजाम करा देंगे तो मैं आपके बेटे को दोनों विषय में पास करा दूंगा। अगर आपको काॅल करके कोई ऐसा झांसा दे तो उसके चक्कर में मत आइएगा। यह काॅल साइबर ठग की हो सकती है। इस तरह के चार मामले पिछले सात दिन में आ चुके हैं।
विज्ञापन




बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं। अगले महीने परिणाम आने की संभावना है। ऐसे में साइबर अपराधियों ने ठगी का यह नया हथकंडा अपनाया है। ऐसे लोगों को काॅल कर रहे हैं जिनके बेटे या बेटी ने परीक्षा दी हो। काॅल करने वाला पहले बच्चे की फेल होने की बात कहकर डराता है और फिर पैसे लेकर पास कराने का झांसा देता है।



जिला विद्यालय निरीक्षक के दफ्तर में ऐसी चार शिकायतें आ चुकी हैं। अच्छी बात यह रही कि चारों अभिभावक में से किसी ने भी ठग के बताए गए बैंक खाते में रकम जमा नहीं कराई। निरीक्षक के दफ्तर से चारों शिकायतें पुलिस की साइबर सेल के पास भेज दी गई हैं। चारों में प्रति विषय पांच हजार रुपये मांगे गए।
विज्ञापन




बेटी की सतर्कता से



बची पिता की रकम



केस-1



मुरादनगर के जलालपुर रोड निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनके बेटे ने इस बार हाईस्कूल की परीक्षा दी है। उनके पास काॅल आई थी। उनसे कहा गया कि बेटा विज्ञान और गणित में फेल हो गया है। अगर वह दस हजार रुपये बताए गए खाते में जमा करा दें तो उसे पास कर दिया जाएगा। काॅल करने वाले ने बेटे के रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी ली। वह रकम देने के लिए राजी हो गए लेकिन बेटी ने उनकी बातें सुन ली थीं। उसने बताया कि यह काॅल ठग की हो सकती है। उसने गूगल पर ऐसी कई खबरें दिखा दीं जिनमें पास कराने के नाम पर ठगी की गई। यह देखकर उन्होंने रकम नहीं जमा कराई।



सवाल पूछने पर ठग



ने काट दी काॅल


केस-2



लोनी के व्यक्ति ने बताया कि उनके बेटे ने इंटर की परीक्षा दी है। उनके पास काॅल आई। काॅल करने वाले ने कहा कि आपका बेटा गणित में फेल हो गया है। पास करने के लिए पांच हजार रुपये की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि बेटे ने गणित का पेपर अच्छा बताया था। ठग ने कहा कि काॅपी उसके सामने ही है। उन्होंने उसके पूछ लिया कि इसमें कौन सा प्रश्न उसने गलत किया है। बार-बार पूछने पर भी ठग जवाब नहीं दे पाया। उसने काॅल काट दी और फिर फोन स्विच आफ कर लिया। इससे उन्हें शक हो गया।



झांसे में न आएं अभिभावक



जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश श्रीवास ने बताया कि चार अभिभावकों की इस तरह की शिकायतें मिली हैं। ये मुरादनगर, लोनी, कैला भठ्ठा और भोजपुर से आए हैं। अभिभावकों से अपील की गई है कि वह ऐसे किसी के झांसे में न आएं।



बोर्ड ने की सतर्क



रहने की अपील

छात्रों को पास कराने का झांसे देकर रकम ऐंठने के मामले अन्य जिलों में भी आए हैं। इस पर यूपी बोर्ड ने छात्रों से सतर्क रहने की अपील की है। इसमें कहा है कि यदि कोई जालसाज इस तरह से फोन करता है तो इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस अधिकारी को दें। बोर्ड की ओर से कोई अधिकारी या कर्मचारी काॅल नहीं कर रहा है।



इंटरनेट से ले रहे फोन नंबर



छात्र 10वीं-12वीं के बाद आगे की पढ़ाई या नौकरी के लिए इंटरनेट पर सर्च करते हैं। जहां वे अपने मोबाइल नंबर डाल देते हैं। साइबर अपराधी वहां से नंबर चोरी करके आपको कॉल करते हैं। ऐसे किसी भी अनजान कॉलर के झांसे में न आएं। कॉल आने पर पुलिस से शिकायत करें-सच्चिदानं एडीसीपी अपराध
विज्ञापन




इन बातों का रखें ध्यान :

- परीक्षा में ऐसे कोई पास नहीं करा सकता। छात्र ने उत्तर पुस्तिका में जो लिखा होगा, उसके आधार पर ही अंक मिलते हैं।

- पास कराने के लिए कॉल करके कोई रुपये मांगता है तो समझ जाएं कि काॅल करने वाला साइबर अपराधी है।

- अगर किसी के पास ऐसी काॅल आती है तो उसकी डिटेल ( फोन नंबर सहित ) पुलिस को दे दें। काॅल करने वाले पर कार्रवाई होगी ।



( साइबर सेल की ओर से सवाल )

- साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।

- cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

- घंटाघर रामलीला मैदान के सामने साइबर अपराध थाने में या अपने नजदीकी थाने में बनी साइबर अपराध हेल्प डेस्क पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें