गाजियाबाद। पूरा विश्व इस समय कोरोना की वैश्विक महामारी से पीड़ित हैं। गाजियाबाद भी इससे अछूता नहीं है। देश के साथ ही पूरा जिला इस समय लाॅक डाउन है। जिला एनसीआर में होने के कारण संक्रमित होने वाले लोगों की आशंका अधिक है। ऐसे में अगर आप भी महामारी के इस दौर में समाज सेवा का हिस्सा बनना चाहते हैं तो अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने बकायदा एक ऐप तैयार करवाया है। इस ऐप का नाम है covidGzb.in। डीएम अजय शंकर पांडे ने लोगों से अनुरोध किया है कि जो भी स्वेच्छिक रूप से अपनी सेवाएं देना चाहते हैं वे इस ऐप पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। डीएम ने जनपद के सभी निजी अस्पतालों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाॅफ के अलावा सामाजिक संगठनों से आहवान किया है कि वे संकट की इस घड़ी में आगे आकर जिलावासियों और देश के लिए अपना बहुमूल्य समय प्रदान करें। जो लोग इसके लिए इच्छुक हो वो मुख्य चिकित्साधिकारी के यहां पर भी संपर्क कर सकते हैं।