कौशांबी। वैशाली सेक्टर-दो की प्रमिला वोहरा को शातिर ने टिकट रद्द करने के बहाने झांसे में लेकर उनसे चार लाख 22 हजार रुपये ठग लिए। उनके मदद मांगने पर शातिर ने उन्हें लिंक भेजकर सारी जानकारी ली थी। वहीं, बीमा कंपनी के नॉर्थ इंडिया के मार्केटिंग मैनेजर को ऑनलाइन टास्क में निवेश कर मुनाफा कमाने में फंसाकर 97 हजार रुपये ठग लिए। दोनों मामलों में कौशांबी पुलिस ने ठगी का मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता प्रमिला वोहरा ने शिकायत दी कि उन्होंने मई माह में एक ट्रेन में रिश्तेदार के घर जाने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक की थी। कुछ दिनों बाद ट्रेन रद्द हो गई। उसके बाद उन्होंने ऑनलाइन वेबसाइट से टिकट कैंसिल कराकर रुपये रिफंड करने का तरीका खोजा था। जानकारी होने पर उन्होंने मोबाइल नंबर ग्राहक सेवा केंद्र पर कॉल की जिसमें युवक ने अपना नाम सतीश शर्मा बताकर मदद करने का आश्वासन दिया। शातिर ने उन्हें एक लिंक भेजा और इस पर क्लिक करने के बाद उनसे खाते की जानकारी ली। वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही खातों से चार लाख 22 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराकर शातिर का खाते में डेढ़ लाख की रकम होल्ड करा दी।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि साइबर सेल की जांच रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार करके पीड़िता को रकम दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।
घर बैठे कमाई का लालच पड़ा भारी :
कौशांबी निवासी अमन गंगवार एक बीमा कंपनी में नॉर्थ इंडिया के मार्केटिंग मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मई माह में घर बैठे कमाई करने का मैसेज फोन पर आया था। नंबर पर बात होने के बाद युवक ने उन्हें वीडियो लाइक करने पर 10 रुपये प्रति लिंक कमाने का झांसा दिया। बाद में लिंक के जरिये डिजिटल खाता बनाकर उनसे पांच बार में 97 हजार रुपये निवेश कराकर ठगी कर ली। जब उन्होंने निवेश और मुनाफे की रकम मांगी तो शातिर ने फोन बंद कर दिया। कौशांबी पुलिस और साइबर टीम खाते से हुई ट्रांजेक्शन के आधार पर ठग का पता कर रही है।