साहिबाबाद। शालीमार गार्डन पुलिस ने चोरी की बाइक से फोन और गहने लूटने वाले गिरोह के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए चोरी की बाइक को सड़क किनारे छोड़ देते। लूट के माल को बेचकर आपस में बंटवारा करते। पुलिस ने तीनों से पांच फोन, चोरी की दो बाइक, पीली धातु की चेन और डेढ़ हजार रुपये बरामद किए हैं। एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि रवि उर्फ अभिषेक उर्फ धर्मवीर उर्फ पोपी उर्फ सुखा पुत्र राधेश्याम निवासी जगतपुरी मंडोली, फैजान उर्फ शब्बू पुत्र अनवार व फुरकान उर्फ नन्हे पुत्र लियाकत निवासी राजीव काॅलोनी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला कि तीनों मौज-मस्ती के लिए लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनसे इंदिरापुरम, कौशांबी, लिंक रोड और शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में हुई वारदात का खुलासा हुआ है। रवि उर्फ अभिषेक पर लूट, चोरी, छिनैती और आर्म्स एक्ट में दिल्ली व गाजियाबाद के थानों में 31 मुकदमे जबकि फैजान और फुरकान पर दो-दो मुकदमे दर्ज हैं। तीनों लूट की चेन को बेचने और चोरी की बाइक को सड़क किनारे छोड़ने जा रहे थे।