गाजियाबाद। ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले ऑटो गैंग के दो बदमाश समेत सामान खरीदने वाले शातिर को विजयनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया। शुक्रवार देर रात पुलिस ने दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा है। इनके दो साथी मौके से भाग गए। पुलिस ने इनके पास से लूटे व चोरी किए गए दो लैपटॉप, एक टैबलेट, 5,750 रुपये, आठ मोबाइल, पांच बाइक, एक स्कूटी, वारदात में प्रयुक्त ऑटो और मुठभेड़ में दो तमंचे बरामद किए हैं।
डीसीपी नगर राजेश कुमार ने बताया कि सूचना पर डंपिंग यार्ड सिद्धार्थ विहार पुलिस पहुंची तो संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया, उसमें पांच लोग सवार थे। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। ऐसे में आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की तो दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से घायल हो गए जबकि उनके दो साथी भाग गए। इनके साथ चोरी व लूट का सामान खरीदने वाला भी था उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ में नगर कोतवाली के न्यू कोट गांव निवासी दीपक उर्फ डेविड और नंदग्राम निवासी अभिषेक मौर्य घायल हुए हैं। दीपक मूलरूप से बुलंदशहर के पहासू के गांव साबितगढ़ का रहने वाला है। विजयनगर की माता कॉलोनी निवासी अरमान इनसे लूट का सामान खरीदता है। बरामद ऑटो अभिषेक का है। अंकित और अंकुर फरार हैं। अंकित अभिषेक का भाई है। डीसीपी ने बताया दीपक के खिलाफ आठ और अभिषेक के खिला दो मुकदमे दर्ज हैं।
दो महीने में 10 से ज्यादा वारदात की
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि इन्होंने विजयनगर, कोतवाली, डासना, साहिबाबाद, नोएडा समेत आसपास के इलाके में 10 से ज्यादा वारदात की हैं। अभी घटनाओं को ट्रेस कराया जा रहा है। हाल ही में इन्होंने रेलवे स्टेशन पर उतरे वाराणसी से आए एक छात्र को बैठाकर लूटपाट कर मोबाइल व नकदी लूटी थी। इसके बाद दिल्ली बॉर्डर पर छोड़कर भाग गए थे। इनके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।