गाजियाबाद। विजयनगर पुलिस ने ऑटो, बाइक, स्कूटी व पैदल जा रही महिलाओं से गहने लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चार कुंडल, तमंचा व अन्य सामग्री बरामद की है। आरोपियों की पहचान शारिक निवासी नंगला, ककोड़ बुलंदशहर, शाकिर लालपुर, धौलाना हापुड़ व खालिद निवासी मिरचयान चौपाल के रूप में हुई है। आरोपियों पर लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामलों के कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। डीसीपी नगर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि विजयनगर क्षेत्र में महिलाओं के कुंडल, चेन लूट की तीन घटनाएं हाल में हुई थीं। पुलिस इन घटनाओं के खुलासे के लिए लगातार काम कर रही थी। मुखबिर व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि तीनों नशा करने के आदी हैं। रास्ते से गुजर रहीं महिलाओं को निशाना बनाकर वह घटनाओं को अंजाम देते थे।