गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के तीन मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें दो महिलाओं ने ऑपरेशन कराने के लिए सामान्य जांच कराई थी, जबकि एक बुजुर्ग ने सर्दी, बुखार और गले में दर्द होने पर जांच कराई थी। इस समय जिले में 13 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें 10 मरीज होम आइसोलशन में हैं, जबकि तीन मरीजों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। मंगलवार को 82 लोगों की कोरोना जांच हुई, इनमें से 79 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि इंदिरापुरम के अहिंसा खंड निवासी 47 वर्षीय एक महिला ने घुटना प्रत्यारोपण कराने से पहले कोरोना की जांच कराई थी। रिपोर्ट आने से पहले सर्जरी हो चुकी थी, वह अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, दूसरे मामले में इंदिरापुरम निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग ने खांसी, सिर व गले में दर्द और बुखार होने पर 19 फरवरी को कोरोना की जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनका इलाज घर पर ही चल रहा है। भोपाल की रहने वाली 55 वर्षीय महिला वैशाली में रह रहे बेटे के पास आई थीं। उनका यशोदा अस्पताल में हृदय संबंधित बीमारी का इलाज चल रहा है। सर्जरी करने के लिए उनकी सामान्य जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सर्जरी आगे बढ़ा दी गई है। वह होम आइसोलेशन में हैं।