मोदीनगर। एक गांव में दो वर्ष पूर्व मंदिर गई 15 वर्षीय किशोरी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। तीनाें आरोपी रसोइये की हत्या के मामले में जेल में बंद हैं।
एक गांव में अगस्त 2022 में 15 वर्षीय किशोरी मुंहबोले भाई के साथ मंदिर गई थीं। लौटते समय आरोपियों ने किशोरी को अगवा कर सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। आरोपियों ने किशोरी के मुंह बोले भाई को भी बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा था। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि आरोपी निकित गुर्जर, बिट्टू गुर्जर उर्फ तुषार और ताज मोहम्मद निवासी सीकरी खुर्द पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। एसीपी ने बताया कि आरोपी निकित गुर्जर के खिलाफ रसाेइये की हत्या का मामला दर्ज है। हत्या में बिट्टू और ताज मोहम्मद भी शामिल थे। तीनों आरोपी हत्या के मामले में जेल में बंद हैं।