गाजियाबाद। फ्लैट का सौदा होने के बाद शर्त पूरी नहीं होने पर फ्लैट मालिक सीए महिला ने एजेंट का कमीशन रोक लिया। आरोप है कि इस पर एजेंट ने मुख्तार अंसारी का नाम लेकर धमकाया है। मामले में सीए ने पुलिस से शिकायत की है। आरोप वार्ड-22 से बसपा पार्षद प्रत्याशी रहे हबीब पर हैं। न्यू गांधीनगर निवासी सीए का कहना है कि हबीब ने उनके पंचवटी के फ्लैट का सौदा साजिद से कराया था। आरोप है कि सौदे में तय वादे उन्होंने पूरे नहीं किए। अप्रैल में साजिद ने फ्लैट ले लिए। बाद में हबीब दो प्रतिशत का कमीशन मांगने लगा। साजिद भी हबीब का पक्ष लेकर कमीशन देने का दबाव बनाने लगा। उन्होंने वादे पूरे नहीं होने की बात कही तो साजिद ने भी उन्हें धमकी दी। आरोप है कि हबीब ने मुख्तार अंसारी से संबंध होने की बात कहकर हत्या की धमकी दी। मामले में उन्होंने हबीब और साजिद के खिलाफ सिहानी गेट थाने में केस दर्ज कराया है। मामले में हबीब का कहना है कि तय सौदे से एक लाख रुपये अधिक लेकर उन्होंने बैनामा किए। उन्होंने जब अपना दो प्रतिशत कमीशन मांगा तो देने से इन्कार कर दिया। पैसे मांगने पर अनाप शनाप आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने भी पुलिस को शिकायत दी है। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।