गाजियाबाद। कुत्तों की नसबंदी के लिए शहर में तीसरा एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर बनाने की तैयारी नगर निगम ने शुरू कर दी है। विजय नगर जोन के सिद्धार्थ विहार में इसे बनाया जाएगा। यह शहर का सबसे बड़ा सेंटर होगा। लोकसभा चुनाव के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
फिलहाल, नंदग्राम में केवल एक ही एबीसी सेंटर हैं जहां रोजाना 30 से 40 कुत्तों की नसबंदी हो रही है। बस अड्डे के नजदीक दूसरे सेंटर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है जो साल के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगा। इन दोनों सेंटरों में रोजाना लगभग 100 कुत्तों की नसबंदी की जा सकेगी। वहीं, तीसरा सेंटर भी बनाने की तैयारी है जो सबसे बड़ा होगा। केवल इसी सेंटर में रोजाना 100 कुत्तों की नसबंदी हो सकेगी। उप मुख्य चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डाॅ. अनुज कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन सेंटर का काम तेजी से चल रहा है। इस बीच नए सेंटर की योजना पर भी काम किया जा रहा है।