लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के टीला गांव के पास एटीएम को सप्लाई देने वाली बैटरियां चुराने चार चोर सात लाख की गाड़ी से पहुंचे थे। चोरों ने सप्ताह में दूसरी बार घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हुई है।
टीला गांव के पास चोरों ने एटीएम बूथ में दो सितंबर को बैटरियां चोरी कर ली थीं। पुलिस ने मामले में कपिल मावी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की थी। पहली बार असफल होने के बाद चोरों ने शनिवार रात दोबारा एटीएम बूथ में घुसकर बैटरी चोरी कर ली। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। फुटेज में कार सवार चार चोर बूथ के बाहर गाड़ी खड़ी करते नजर आए। उसके बाद अंदर घुसकर एटीएम की बैटरियां चोरी कर ली। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फुटेज से चोरों की पहचान का प्रयास कर रहे हैं। जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।