मसूरी। महिला पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर मसौता गांव में रविवार रात दो पक्षों में विवाद हो गया। लोगों ने मारापीट कर एक कार में तोडफोड़ की और एक बाइक में आग लगा दी। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगाें के खिलाफ बलवा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अधजली बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि गालंद गांव का दीपक अपने परिजनों के साथ रविवार रात मसौता गांव में विनय के घर पहुंच गया। दीपक पक्ष ने विनय पर महिला से अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष को लोग लाठी-डंडों से लैस होकर आमने सामने आ गए। घंटों तक दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसमें कई लोग चोटिल हो गए। हंगामा बढ़ता देख लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह विवाद को शांत कराया। पुलिस को मौके पर क्षतिग्रस्त हुई एक कार और दीपक पक्ष की अधजली बाइक मिली। अधजली बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मामले में विनय, दीपक समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। विनय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ने बताया कि माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।