राहुल गार्डन कॉलोनी में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी।संवाद
लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के राहुल गार्डन कॉलोनी में शनिवार रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में दो लोग घायल हो गए और आठ गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। आसपास के लोगों ने मौके पर दो से तीन राउंड गोली चलने की बात कही है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
राहुल गार्डन कॉलोनी में नरेंद्र प्रधान का एक खाली प्लॉट है। इस प्लॉट में विक्रम नाम का युवक पार्किंग और पानी का काम करता है। प्लॉट के दूसरे हिस्से में राधेश्याम माथुर कबाड़ का गोदाम चलाते हैं। खाली प्लॉट में दोनों पक्ष के टेंपो और कार खड़ी थी। कार पर कपड़ा करने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने अपने कुछ अन्य साथियों को बुला लिया। दोनों पक्षों के करीब 20 लोग आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षियों ने एक दूसरे की आठ टेंपो और कार के शीशे तोड़ दिए। एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।