गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र की अजनारा सोसायटी की मार्केट में नोएडा के विकास जैन के कार्यालय में सात फरवरी को दिनदहाड़े करीब 2.80 करोड़ की चोरी हुई। उस दौरान एक बैग में 12.90 लाख रुपये कार्यालय में रह गए। जिन्हें पुलिस ने नौ फरवरी को गार्ड की सूचना पर कब्जे में लेकर जीडी में दर्ज कर लिया। विकास जैन ने 18 फरवरी क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में 22 लाख रुपये व कुछ गहने चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में पूछताछ के दौरान विकास ने पुलिस को बताया करीब 2.80 करोड़ रुपये थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा कर 1.97 करोड़ रुपये बरामद कर लिए। वारदात विकास के रसोइये और चालक ने कराई थी।
विकास का रोड़ी बदरपुर का कारोबार है।
डीसीपी ग्रामीण विवेक यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बलरामपुर के उतरौला निवासी अतुल पांडेय, विजयनगर के भूडभारत नगर निवासी अरुन कुमार और मुरादनगर निवासी नितिन है। अतुल हाल में मधुबन बापूधाम के संजयनगर में रह रहा है। इन्होंने रकम छिपाकर रखी थी। अतुल पांडेय विकास जैन के यहां रसोइया है और अरुण चालक है। बरामद रकम इन्होंने नितिन के पास रखी हुई थी। पूछताछ में अतुल ने बताया कि विकास उनपर विश्वास करते हैं। कई बार वह उनके कार्यालय पर गए हैं। जहां काफी रुपये का लेन-देन होता है। पूर्व में कई बार वह एक-दो लाख रुपये चोरी कर चुका है। इस बार उसने अरुन के साथ मिलकर बड़ी चोरी की साजिश रची।
डुप्लीकेट चाबी बनवाकर दामाद से कराई वारदात
पूछताछ में अतुल ने बताया उसने विकास के घर से चाबी लेकर उसकी डुप्लीकेट चाबी बनवाई और असली चाबी उनके घर ही रख दी। मौका देकर उसने अपने दामाद बंटी को चाबी दे दी। बंटी ने अपने साथी सुनील के साथ मिलकर ऑटो से जाकर सामान्य तरीके से कार्यालय खोलकर नकदी से भरे बैग लेकर भाग गए। एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि फरार बंटी और सुनील की तलाश की जा रही है।
कारोबार से संबंधित बताई रकम
पहले तो कारोबारी ने केवल 22 लाख की चोरी बताई लेकिन जांच में 2.80 करोड़ की चोरी की बात सामने आई। करीब 2.09 करोड़ रुपये बरामद होने के बाद पुलिस ने विकास से पूछताछ की तो उन्होंने कारोबार से संबंधित रकम बताई। डीसीपी का कहना है कि हालांकि उन्होंने अभी इस संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए हैं। इस संबंध में आयकर विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।