साहिबाबाद। कोतवाली से 200 मीटर दूर दास फैक्टरी के सामने एक फरवरी की रात ढाई बजे दो चोरों ने गंगा पीवीसी इलेक्ट्रोनिक्स की दुकान का शटर उठाकर 50 हजार से ज्यादा का सामान चोरी कर लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच का आश्वासन देकर लौट गई। अगले दिन दुकानदार ने चोरों को सीसीटीवी कैमरे से पहचान कर उन्हें पड़ोस से पकड़ लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
दिल्ली के विनोद नगर निवासी दुकानदार राहुल ने बताया कि 31 जनवरी की रात दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात ढाई बजे चोरों ने शटर का ताला तोड़ा और अंदर घुसे फिर काउंटर से 20 हजार कीमत के दो फोन, दो हैंड ग्लैंडर, एक टूल बैग, 40 किलोग्राम पेच की पेटी और एक हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के दौरान चोरों ने सीसीटीवी कैमरे को मोड़ दिया जबकि वाईफाई डिवाइस भी तोड़ दिया। कैमरे में दोनों चोरों की तस्वीर कैद हो गई।
साहिबाबाद एसीपी रजनीश उपाध्याय का कहना है कि दुकानदार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। कैमरे से पहचान के बाद दो लोगों को पकड़कर उनसे पूछताछ की गई।