मुरादनगर। ससुराल पत्नी को लेने गए युवक को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस से पीड़ित ने गुहार लगाई है।
ब्रज विहार कॉलोनी निवासी गौरव की शादी नगर की गंगाविहार कॉलोनी निवासी युवती से हुई थी। गौरव ने बताया कि पत्नी झगड़ा करके अपने मायके चली गई। बुधवार सुबह गौरव थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी कि वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल जा रहा है, वहां उसके ऊपर हमला भी हो सकता है। पुलिस को सूचना देने के बाद वह अपनी ससुराल गंगाविहार चला गया। वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि ससुराल वालों ने बेरहमी से गौरव की पिटाई कर उसे घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।