गाजियाबाद। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए चल रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समय सीमा बढ़ा दी है। अब दावे और आपत्तियों के निस्तारण सहित सभी प्रक्रियाएं 27 मार्च तक पूरी की जाएंगी और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अब छह फरवरी की जगह 28 मार्च को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के संशोधित पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सात जनवरी से 20 फरवरी तक संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन कार्य के अलावा दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 21 फरवरी से 16 मार्च तक पूरक सूचियों को कंप्यूटरीकृत किया जाएगा और मतदान केंद्रों के निर्धारण होगा। 17 मार्च से 27 मार्च तक, निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन का कार्य होगा। 28 मार्च को अंतिम सूची संबंधित कार्यालयों के सूचना पट पर भी प्रदर्शित की जाएगी। इस दौरान सार्वजनिक अवकाश वाले दिन भी कार्यालय खुले रहेंगे।