मसूरी। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ईस्टर्न पेरीफेरल कट के निकट नौ फरवरी की रात हुए हादसे में कार चालक की मौत के मामले में पुलिस ने अब रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि ट्रक चालक ने अपनी लेन बदल दी, जिसकी वजह से पीछे चल रही कार उसमें टकरा गई और यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान नितिन पाल पुत्र रामबीर सिंह निवासी ग्राम सिवाया जमालउल्लापुर मोदीपुरम मेरठ के रूप में हुई है। एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि नितिन पाल नोएडा से नौकरी कर कार से अपने घर मेरठ लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे जब वह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सोनीपत जाने वाले कट के पास पहुंचे, तब अचानक एक ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से लेन बदली। ट्रक चालक ने नितिन की कार के आगे आकर ट्रक में अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। घटना के वक्त पीछे से अपनी गाड़ी में आ रहे चश्मदीद मनोज कुमार ने इस बारे में पुलिस को बताया। नितिन को एंबुलेंस से सुभारती अस्पताल मेरठ में भर्ती किया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक को मौके पर ही कब्जे में ले लिया है। मृतक के पिता रामबीर सिंह ने अब ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।