गाजियाबाद। गोविंदपुरम के जी-ब्लॉक में पार्क के पास शुक्रवार शाम करीब सवा छह बजे लाइब्रेरी से घर लौट रही छात्रा की एक बदमाश ने पीछे से गर्दन पकड़ ली। छात्रा ने पीछे मुड़कर देखा तो बदमाश ने उसे जमीन पर पटक दिया। छात्रा ने विरोध में बदमाश के सिर पर मोबाइल से वार किया तो बदमाश ने मोबाइल छीन लिया। इसके बाद छात्रा के सिर पर किसी वस्तु से वार कर फरार हो गया। मामले में छात्रा के परिजनों ने कविनगर पुलिस से शिकायत की है। छात्रा बैंकिंग की तैयारी कर रही है। छात्रा सुबह 11 बजे घर के पास ही लाइब्रेरी में पढ़ने जाती है। शाम को घर लौटती है। शुक्रवार शाम भी वह घर जा रही थी। जब वह जी-ब्लॉक में पार्क पहुंची तो पीछे से आए एक बदमाश ने उसकी गर्दन पकड़ ली। ऐसे में वह घबरा गई। छात्रा ने पीछे मुड़कर देखा तो बदमाश में उसका गला दबा दिया और जमीन पर गिरा दिया फिर वह रुपये की मांग करने लगा। छात्रा ने रुपये देने को कहा लेकिन फिर भी उसने गला नहीं छोड़ा। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर बदमाश को ट्रेस करने के लिए टीम लगी हैं। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बदमाश के सिर पर भी किया वार
बदमाश ने छात्रा के हाथ में मोबाइल देखकर उससे मोबाइल छीनने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध कर बदमाश के सिर पर मोबाइल से वार कर दिया। इसके बाद भी बदमाश ने उसे नहीं छोड़ा और जबरन उसके हाथ से मोबाइल छीनकर उसे घायल कर फरार हो गया।
मदद के लिए चिल्लाती रही छात्रा
शाम के समय आसपास के लोग घूमते रहते हैं या घर के बाहर रहते हैं। घटना के दौरान छात्रा मदद के लिए चिल्लाती रही और लोगों से बचाने की गुहार लगाती रही। लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। छात्रा करीब पांच मिनट तक बदमाश छूटने के लिए संघर्ष करती रही। मोबाइल लूटने के बाद जब बदमाश फरार हो गया तो लहूलुहान स्थिति में छात्रा घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।