मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर एसआरएम शिक्षण संस्थान के पास दस दिन पूर्व लूट में विफल रहने पर पिता पुत्र से हुई मारपीट के मामले में कमिश्नर के आदेश पर निवाड़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। मोदीनगर की आनंद विहार कॉलोनी के रहने वाले सुनील उपाध्याय के अनुसार बीते 17 जनवरी को वह अपने पुत्र नवनीत और शुभम के साथ कार में पट्रोल डलवाने के लिए गए थे। इसी दौरान जैसे ही वह दिल्ली-मेरठ मार्ग पर एसआरएम शिक्षण संस्थान के समीप पहुंचे तभी एक कार सवारों ने ओवरटेक कर उन्हें तमंचे के बल पर रोक लिया। आरोपियों ने तमंचे के बल पर पिता-पुत्र से लूट का प्रयास किया। पिता पुत्र ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी मौके से भाग गए। सुनील का आरोप है कि निवाड़ी पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के अनुसार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।