साहिबाबाद। हिंडन हवाई अड्डे पर 17 सितंबर से चल रहा यात्री सेवा अभियान शनिवार को संपन्न हो गया। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता को बढ़ावा देना और सेवा गुणवत्ता में सुधार करना था। एयरपोर्ट पर यात्री सेवा अभियान, स्वच्छता ही सेवा और विश्व पर्यटन दिवस के तहत चलाया गया। इसमें हिंडन हवाई अड्डे की यात्री सुविधा, पर्यावरणीय स्वच्छता और भारत की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दिखी। एयरपोर्ट निदेशक डाॅ. चिल्का महेश ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्वच्छ, स्वागत योग्य और यात्री-अनुकूल हवाई अड्डा वातावरण बनाए रखना था। सांस्कृतिक पहल के तहत सरकारी स्कूल के छात्रों ने स्थानीय कला और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समापन समारोह में पैशन स्टूडियो के बच्चों द्वारा भारतीय शास्त्रीय, बॉलीवुड और पश्चिमी नृत्य प्रस्तुतियां शामिल थीं, इनका समन्वय अनीता शर्मा ने किया।