गाजियाबाद। वेव सिटी क्षेत्र की ड्रीम होम सोसायटी के टावर नंबर-7 की राज सचदेवा (65) ने 15वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार देर रात की है। आसपास के लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोगों को कहना है कि बुजुर्ग काफी समय से अवसाद में थे। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच की जा रही है। राज सचदेवा ड्रीम होम सोसायटी के टावर नंबर-7 में 15वीं मंजिल पर बेटे संचित सचदेवा और पत्नी पूनम सचदेवा के साथ रहते थे। उनकी बेटियों की शादी हो चुकी है। वह पूर्व में एक निजी कंपनी में मार्केटिंग का काम करते थे। संचित एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। सोमवार रात जब वह गिरे तो सोसायटी के गार्ड ने वेव सिटी पुलिस को सूचना दी। एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल का कहना है कि जांच में अवसाद में होने की बात सामने आई है। आसपास के लोगों ने बताया कि उनका अक्सर झगड़ा होता रहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा। इसी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।