साहिबाबाद। दिवाली और छठ महापर्व को लेकर नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बाजारों और प्रमुख मार्गों पर रात्रिकालीन सफाई अभियान चलाएगा। प्रमुख बाजारों के साथ आवासीय कॉलोनियों में सफाई कराई जाएगी। नगर निगम का विशेष जोर सड़कों, चौराहों, फ्लाईओवर और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने पर रहेगा।नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि नगर निगम की ओर से सभी जोन में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 150 से अधिक सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। ये कर्मचारी छठ महापर्व तक विशेष अभियान के तहत सफाई कार्य में जुटे रहेंगे। रात्रिकालीन सफाई अभियान के तहत बाजार बंद होने के बाद सड़कों और फुटपाथों की सफाई कराई जाएगी। वहीं, आवासीय कॉलोनियों में भी नियमित सफाई के साथ कूड़ा उठाना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रमुख चौराहों, फ्लाईओवर के नीचे और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कूड़े के ढेर तथा मलबा हटाने के निर्देश दिए हैं। निगम का प्रयास है कि दिवाली से लेकर छठ महापर्व तक शहर की प्रमुख सड़कें, बाजार और कॉलोनियां साफ-सुथरी रहे।