मोदीनगर। बदमाशों ने दिल्ली मेरठ पर अंबर सिनेमा के पास स्थित निर्माणाधीन रैपिड ट्रेन स्टेशन के नीचे बनी सरकारी अंग्रेजी शराब की दुकान में कुंबल कर एक लाख रुपये से अधिक की नकदी तथा शराब चोरी कर ली। घटना के समय सेल्समैन दुकान में ही सो रहा था। दुकान संचालक ने थाने में घटना की तहरीर दी।
जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित दादरी निवासी अदिति गोयल की दिल्ली मेरठ मार्ग पर अंबर सिनेमा के पास निर्माणाधीन रैपिड ट्रेन स्टेशन के नीचे सरकारी शराब की दुकान है। यहां बुलन्दशहर के स्याना निवासी आशीष सेल्सकर्मी है। आरोप है कि ब्रहस्पतिवार रात अज्ञात बदमाश दुकान के पीछे खाली प्लाट की तरफ से कुंबल कर अंदर दाखिल हुए और दिन की बिक्री की एक लाख रुपये से अधिक की नकदी तथा शराब की सात बोतल चोरी कर ले गए। सेल्सकर्मी आशीष को शुक्रवार सुबह जागने पर घटना की जानकारी लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। एसीपी रितेश त्रिपाठी का कहना है कि रिपोर्ट कर ली गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।