खोड़ा। बेटा तुम्हारे घर में रखे गहनों में शैतान है, वह आज ले लेगा तुम्हारे अम्मी-अब्बू की जान। खोड़ा में दो बदमाशों ने नौवीं के छात्र को अनहोनी का डर दिखाया और उससे ढाई लाख के गहने लेकर भाग गए। घटना सात अगस्त की शाम करीब छह बजे की है। छात्र के पिता ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आसपास सीसीटीवी फुटेज को चेक कर बदमाशों का पता करने में जुटी है।
खोड़ा के नवनीत विहार में रहने वाले दिलशाद खां इंदिरापुरम में माली का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि छोटा बेटा तस्लीम सात अगस्त की शाम छह बजे वह इंदिरापुरम में स्वर्ण जयंती पार्क के पास कोचिंग सेंटर से पढ़कर ई-रिक्शा से घर आ रहा था। इतवार बाजार पुस्ते पर उतर कर कुछ कदम पैदल चला तो वहां उसे दो बदमाश खड़े मिले। एक बदमाश ने तस्लीम को रोक कर उसका हाल-चाल पूछा और घर में अम्मी-अब्बू का नाम पता किया। इस बीच एक बदमाश ने उससे कहा कि तुम अच्छी पढ़ाई कर रहे हो और भविष्य में जो बनना चाहते हो वह बनके रहोगे, लेकिन तुम्हारे घर में जो गहने रखे हैं उसमें शैतान बैठा हुआ है, वह आज रात में तुम्हारे अम्मी-अब्बू की जान ले लेगा। मैं उन गहनों को पढ़कर शैतान को भगा दूंगा।
इसके बाद छात्र घबराता हुआ घर पहुंचा और अंदर कमरे से करीब ढाई लाख रुपये के गहने लाकर बदमाश को दे दिए। छात्र से गहने लेने के बाद आरोपी ने छात्र से कहा कि वह कुछ दूर पर जाकर अम्मी-अब्बू की सलामती की दुआ पढ़कर आए। जैसे ही तस्लीम कुछ दूरी पर गया और दुआ पढ़ कर लौटा तो वहां पर दोनों बदमाश नहीं मिले। शक होने पर उसने तुरंत आसपास दोनों की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिले।
छात्र ने मांगी माफी :
दिलशाद के मुताबिक, बेटा तस्लीम रोता हुआ घर पहुंचा और अचानक अपनी अम्मी के पैर पकड़कर माफी मांगने लगा। उन्होंने जब उसे रोने का कारण पूछा तो छात्र ने अपने साथ हुई पूरी घटना को बताया। इसे सुनकर उनके पैरों तले जमीन निकल गई। कुछ देर बाद वह भी घर पहुंचे तो उन्हें घटना का पता चला। तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को चेक कराया। पता चला कि दोनों बदमाश फुटेज में कैद हुए हैं।
इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि छात्र से गहने लेने के मामले में टीम सीसीटीवी फुटेज से दोनों बदमाशों की पहचान करने में लगी है। दोनों को जल्द ट्रेस करके गिरफ्तार किया जाएगा।