गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र के जी-ब्लॉक में सोमवार रात स्कूटी सवार हार्डवेयर कारोबारी सतेंद्र गोयल को गिराकर साढ़े तीन लाख रुपये से भरा बैग लूटने की वारदात को बदमाशों ने रेकी के बाद अंजाम दिया था। बदमाश नगर कोतवाली क्षेत्र से ही कारोबारी के पीछे लग गए थे। पुलिस ने पूरे रूट के करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। वारदात को तीन बदमाशों द्वारा अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। दो बदमाश स्प्लेंडर बाइक से आए थे। कारोबारी के गिरने के बाद पीछे से तीसरे बदमाश ने आकर सड़क पर गिरे बैग उठाया था।
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस कारोबारी के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने कारोबारी से हाल में नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की भी सूची मांगी है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक की पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अंधेरा होने के कारण बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हुआ है। मामले में तीन टीमों का गठन किया है। साथ ही बदमाशों की तलाश में आसपास के मोबाइल टावरों के डाटा भी खंगाला जा रहा है।