साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के बृज विहार में राखी खरीदने गई महिला से बाइक सवार बदमाश ने पर्स छीन लिया। उसमें डेबिट कार्ड, पांच सौ रुपये और अन्य कागजात थे। सूचना पर पुलिस ने घेर कर बदमाश को पर्स और बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। चंद्रनगर में रहने वाली रागनी शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी कि वह शाम 7:15 बजे बृज विहार में रक्षाबंधन के लिए राखी खरीदने गई थीं। दुकान पर भीड़ होने के दौरान वह दुकानदार से राखी लेने के लिए इंतजार कर रही थी। तभी पीछे से बाइक पर आए बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से पर्स छीन लिया। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना कंट्रोल रूम पर पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता रागनी से बाइक का नंबर पता कर अलग-अलग जगह चेकिंग शुरू की जिसमें आरोपी को कड़कड़ रंगोली तिराहे से टीम ने दबोच लिया। एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पूछताछ में उसने अपना नाम दीपांशु पुत्र सुंदरलाल निवासी भगौट बागपत बताया है। पुलिस उससे अन्य घटनाओं के बारे में पता कर रही है। इसके साथ ही बरामद बाइक को ट्रेस करने का काम भी हो रहा है।