गाजियाबाद। नंदग्राम के संगम विहार में नगर निगम की करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने कार्रवाई की। उन्होंने कब्जे हुई भूमि को अधिकारियों के साथ मिलकर खाली कराया। साथ ही कब्जाधारक हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि सिहानी गांव की इस बेशकीमती जमीन पर पूर्व में भी अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी, जिसके बाद निगम की संपत्ति टीम ने वहां नगर निगम की संपत्ति के बोर्ड लगवाए थे। भूमाफिया और कुछ स्थानीय किसानों के साथ मिलीभगत कर गुपचुप तरीके से निगम के बोर्ड वहां से उखाड़ फेंका। मौके पर अधिकारियों से जमीन की पैमाइश कराई और तत्काल प्रभाव से चारों तरफ बाउंड्रीवॉल बनाने का काम शुरू करने को कहा, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके। शराफत खान पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।