साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन दो में सहेली के घर आई युवती को गली के कुत्ते ने काट लिया। युवती अपार्टमेंट में जा रही थी। वहीं, पीएचसी की जानकारी नहीं होने के कारण युवती को तत्काल निजी अस्पताल में रेबीज का इंजेक्शन लगवाया गया।
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन निवासी वंदना गुप्ता ने बताया कि उनकी बेटी की सहेली पलक वर्मा शनिवार को घर पर आई थी। अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल के फ्लैट में आने के लिए सीढि़यां चढ़ रही थीं। इसी दौरान अपार्टमेंट के आसपास घूमने वाला कुत्ता पीछे से आया और झपट पड़ा। पलक ने किसी तरह से कुत्ते से बचने का प्रयास करते हुए शोर मचाना शुरू किया लेकिन कुत्ते ने पलक के हाथ की अंगुली को दांतों से पकड़ लिया। इससे पलक के कनकी अंगुली में तीन घाव हो गए।
निजी अस्पताल में लगवाया इंजेक्शन
वंदना ने बताया कि शोर सुनकर सभी नीचे आए तो पलक के हाथ से खून निकल रहा था। तत्काल पलक के हाथ को साबुन से साफ कराया गया। इलाके के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बारे में लोगों से जानकारी की लेकिन रेबीज का इंजेक्शन लगने संबंधी जानकारी नहीं मिलने के कारण शिव चौक के पास निजी अस्पताल ले गए।
सप्ताह में दूसरी बार काटा
वंदना ने बताया कि गली का आवारा कुत्ता आए दिन किसी ना किसी पर झपट पड़ता है। जन्माष्टमी पर गली के इसी आवारा कुत्ते ने पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे को काटा था। नगर निगम पशुधन अधिकारी डाॅ. अनुज ने बताया कि टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और कुत्ते को पकड़ कर सात दिन तक निगरानी की जाएगी।