गाजियाबाद। शहर में बनाए पूर्वांचल और उत्तरांचल भवन का संचालन नगर निगम सोसायटी बनाकर खुद करेगा। इसके लिए सोसायटी एक्ट के तहत पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस सोसायटी में नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त के अलावा निगम के अन्य अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा महापौर की ओर से नामित पार्षद और पूर्वांचल व उत्तरांचल समाज के प्रतिनिधि इसमें शामिल किए जाएंगे। दरअसल, यह दोनों भवन लंबे समय से बनकर तैयार हैं लेकिन संचालन नहीं होने से शहर के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उत्तरांचल भवन बद्रीनाथ धाम और पूर्वांचल भवन काशी विश्वनाथ के डिजाइन पर आधारित बनाया गया है।