मोदीनगर। निवाड़ी पुलिस नेे हिंडन पुल के समीप सात दिन पूर्व एक निजी फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट के साथ लूट का सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि कलेक्शन एजेंट ने कंपनी के पैसे हड़पने के लिए साथी के साथ मिलकर लूट का षड्यंत्र रचा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से रकम बरामद कर ली है। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि सहारनपुर के थाना गंगाेह के गांव साठा निवासी सुनील कुमार एक फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट था। बीते 25 दिसंबर को वह आसपास के गांव में कलेक्शन की रात में बाइक से मोदीनगर लौट रहा था। सुनील ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह महमदपुर मुकारी मार्ग पर हिंडन पुल के समीप पहुंचा तो तभी चार बदमाशों ने उससे 76 हजार की नकदी लूट ली थी। पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। निवाड़ी पुलिस घटना के खुलासे में लग गई।
एसीपी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की गई तो लूट की घटना फर्जी निकली। पुलिस ने सुनील कुमार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी। सुनील ने बताया कि वह कंपनी द्वारा रात तक कलेक्शन काम कराने से परेशान था और उस पर काफी कर्ज भी हो रखा था। इसलिए उसने अपने साथी शिवम निवासी गांव ऊन थाना झिंझाना जिला शामली के साथ मिलकर लूट का षड्यंत्र रचा था। उन्होंनेे 76 हजार रुपये में से लगभग 22 हजार रुपये अपने बैंक खाते में जमा कराए थे। एसीपी ने बताया कि सुनील और शिवम को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 55 हजार रुपये बरामद कर लिए गए है और बैंक खाता सीज करा दिया गया है।