गाजियाबाद। कुत्तों की नसबंदी के लिए नए बस अड्डे के पास एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर अगले साल 15 फरवरी तक बनकर तैयार हो जाएगा। जबकि विजयनगर जोन में तीसरे एबीसी सेंटर का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। वहीं, नंदी पार्क में पहले से संचालित सेंटर के लिए नए सिरे से एजेंसी के चयन की प्रकिया शुरू कर दी गई है।
फिलहाल, नंदी पार्क में एबीसी सेंटर संचालित है, जहां प्रत्येक माह लगभग 700 से अधिक कुत्तों की नसबंदी, उपचार और एंटी रेबीज का टीकाकरण किया जा रहा है। इस एबीसी सेंटर का संचालन जो एजेंसी कर रही है, उसका कार्यकाल पूरा होने वाला है। ऐसे में अब नए सिरे से एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए निविदा आमंत्रित कर दी गई है। अगस्त या सितंबर तक नई एजेंसी सेंटर का जिम्मा संभाल लेगी। नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष ने बताया कि जब तक नई एजेंसी काम नहीं संभाल लेती तब तक पुरानी एजेंसी ही अपनी सेवाएं जारी रखेगी।
नए बस अड्डे के पास कैला भट्ठा में बनाए जा रहे दूसरे एबीसी सेंटर का काम 15 मई तक पूरा हो जाएगा। दूसरा सेंटर बनने के बाद रोजाना 100 कुत्तों की नसबंदी की जा सकेगी। वहीं, नगर निगम ने तीसरे सेंटर के निर्माण की तैयारी भी तेज कर दी है। उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज ने बताया कि विजय नगर जोन के सिद्धार्थ विहार में तीसरा और सबसे बड़ा सेंटर बनाया जाएगा। इसकी डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है। वर्क ऑर्डर जारी होने का इंतजार किया जा रहा है।