गाजियाबाद। नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन एक अप्रैल से जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ने जा रहा है। रोडवेज की एसी बसों का सफर भी महंगा हो जाएगा। अब तक किराये में दस फीसदी की छूट मिल रही थी। यह खत्म हो जाएगी। इतना ही नहीं। कुत्ते पालने का शौक भी महंगा हो जाएगा। पंजीकरण शुल्क पांच गुना कर दिया गया है। जिन लोगों ने संपत्ति कर जमा नहीं किया है, उन्हें अब 12 फीसदी ब्याज भी चुकाना होगा। स्कूलों की फीस और काॅपी-किताबें के दाम तो पहले ही बढ़ चुके हैं.....
1000 रुपये में होगा कुत्ते का पंजीकरण, 500 रुपये देने होंगे नवीनीकरण के लिए
एक अप्रैल से कुत्तों का पंजीकरण शुल्क 200 रुपये से बढ़कर 1000 रुपये हो गया है। नई नियमावली के तहत नियमों का पालन नहीं करने पर अब 10 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान भी नगर निगम ने किया है। मसलन, प्रतिबंधित नस्ल के कुत्ते पालने, बिना पंजीकरण कराए कुत्ता पालने पर कुत्ता मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा। कुत्तों के पंजीकरण का नवीनीकरण कराने के लिए भी अब 100 की जगह 500 रुपये देने होंगे।
40 फीसदी पर पड़ेगा ब्याज का बोझ, 60 फीसदी से ही वसूला गया संपत्ति कर
शासन की ओर से मौजूदा वित्तीय वर्ष में 313 करोड़ रुपये संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य तय किया था। 31 मार्च तक नगर निगम ने लगभग 295 करोड़ रुपये की वसूली की है। नगर निगम क्षेत्र में तकरीबन 4.52 लाख कुल संपत्तियों से कर वसूली की जानी थी, जिनमें से 60 फीसदी यानी करीब 2.71 लाख संपत्तियों का कर जमा हुआ है। ऐसे में 40 फीसदी संपत्ति कर बकायादारों को 12 फीसदी ब्याज भी चुकाना होगा। निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में तय लक्ष्य के सापेक्ष 94 प्रतिशत से अधिक संपत्ति कर वसूला गया है। बकाया वसूली के लिए नगर निगम फिर से सख्ती बरतने जा रहा है। बकायेदारों के परिसरों को सील करने के अलावा सीवर-पानी के कनेक्शन भी काटे जाएंगे।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के एसी बसों में सोमवार से लखनऊ, देहरादून, हल्द्वानी जैसे लंबे रूटों पर सफर से पहले यात्रियों को पूरा किराया देना होगा। अधिकारियों ने एसी बसों के किराये में मिलने वाली दस फीसदी छूट को खत्म कर एक अप्रैल से पुरानी दरों को लागू कर दिया है। कौशांबी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक शिव बालक ने बताया कि कौशांबी बस अड्डा से लखनऊ, हल्द्वानी, देहरादून, गोरखपुर, बरेली, बदायूं, आगरा सहित अन्य शहर के लिए वातानुकूलित (तीन सीट), वातानुकूलित (दो सीट) और वाॅल्वो बसें चलती है। बढ़े किराए के लिए सभी एसी बसों के जारी ईटीएम मशीन को अपडेट कर दिया गया है।