कौशांबी। इंस्टाग्राम पर किशोरी से दोस्ती के बाद एक युवक ने बर्थडे पार्टी में उसे नशे का पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी चार महीने की गर्भवती है। घटना कौशांबी थाना क्षेत्र के एक इलाके में 17 मई 2024 की है। 20 सितंबर को तबीयत बिगड़ने पर मां ने दिल्ली के एक अस्पताल में किशोरी का चेकअप कराया। डॉक्टर ने गर्भवती होने के बारे में बताया। सोमवार को महिला ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि किशोरी दसवीं कक्षा की छात्रा है। पांच-छह महीने पहले इंटरनेट वाईफाई का काम करने वाले विशाल उर्फ बिल्ला नाम के युवक ने उसे दोस्ती करने का मैसेज किया था। तभी से वह किशोरी से नजदीकी बढ़ाने की कोशिश करने लगा। कुछ दिन की बातचीत में आरोपी ने किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। 17 मई को किशोरी एक सहेली के जन्मदिन की पार्टी में गई थी। विशाल भी किशोरी से बातचीत के बहाने पार्टी में शामिल हो गया। आरोप है कि वहां उसने किशोरी को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर बेसुध कर उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर किशोरी ने विरोध कर घर पर परिजनों व पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी शादी करने का झांसा देने लगा। वह उसके जाल में फंस गई। किशोरी के गर्भवती होने की आशंका में आरोपी विशाल उससे कम संपर्क करने लगा।
किशोरी की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 सितंबर को उनकी बेटी की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उसके पेट में दर्द हो रहा था। वह बेटी को लेकर तुरंत दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में चेकअप कराने गईंं। वहां, डॉक्टर ने उसके साढ़े चार महीने से ज्यादा दिनों की गर्भवती होने के बारे में बताया। डॉक्टरों की टीम किशोरी के स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। हालांकि उसकी तबीयत ठीक है। मां ने कौशांबी थाने जाकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तत्काल मामले की गंभीरता को देखकर मुकदमा दर्ज किया।
इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी विशाल उर्फ बिल्ला भागने की फिराक में था। उससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। थाने में पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।