वसुंधरा। भाजपा ने पश्चिम क्षेत्र के जिलों के संगठन पदाधिकारियों और सांसद, विधायकों व एमएलसी समेत सभी जनप्रतिनिधियों की बैठक की। वसुंधरा के एक बैंक्वेट हॉल में दो सत्रों में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी वैजयंत पांडा ने कहा कि पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता हर बूथ पर इस बार 370 वोट ज्यादा पाने और देश में अकेले भाजपा की 370 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य तय करें। एनडीए की ओर से 400 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव का टिकट किसी को भी मिले, कार्यकर्ताओं को कमल के निशान को प्रत्याशी समझना है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वैजयंत पांडा ने कहा कि इस बार यूपी में सभी 80 सीटें जीतकर नया रिकॉर्ड बनाना है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश नया भारत बनकर उभरा है। 70 वर्षों में जिन घर में जल नहीं पहुंच सका था, वहां मोदी सरकार ने नल से जल पहुंचाया है। उन्होंने राममंदिर का भी जिक्र किया और कहा हम सौभाग्यशाली हैं जो 500 वर्षों के बाद अयोध्या में विराजमान हुए रामलला के महाउत्सव के प्रत्यक्षदर्शी बने हैं। उन्होंने कहा कि संगठन पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं समेत सभी को बूथ पर ही सारी ताकत लगाकर चुनावी शंखनाद करना है।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया पश्चिम क्षेत्र के 19 जिलों की जिला पंचायत, विधानसभा सहित 14 लोकसभा का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से पश्चिम क्षेत्र के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में 10 प्रतिशत नए वोटर बनाए हैं। सत्येंद्र सिसोदिया ने कहा कि यह अमृत काल का विकसित भारत है। हम चुनाव जीतने के लिए ही काम नहीं करते बल्कि समाज के हर वर्ग को विकसित करने का काम भी करते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कहा कि हमें समाज के हर वर्ग के बीच बूथ-बूथ और घर-घर जरूर जाना है। इस दौरान संजय राय, सुभाष यदुवंश, कपिल अग्रवाल, स्थानीय सांसद वीके सिंह, संजीव बालियान, सुरेंद्र नागर, यशवंत सैनी, सतपाल सैनी, कुंवर बृजेश सिंह, नरेंद्र कश्यप, सोमेंद्र तोमर, गुलाबो देवी, कृष्ण पाल मलिक मौजूद रहे।