गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली गेट स्थित दुकान पर बृहस्पतिवार रात को आभूषण बनाने वाले कारीगर विनय वर्मा की संदिग्ध मौत हो गई। आरोप है कि आभूषण पसंद नहीं आने पर जूलर पिता अमित गोयल व उनके पुत्र अनुज गोयल ने उनकी पिटाई कर दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कही है। उधर, आरोपी पिता-पुत्र का कहना है कि आरोप निराधार हैं। विनय वर्मा अपने बेटे के साथ खुद उनकी दुकान पर पहुंचे और उनसे हाथापाई की थी।
मोहल्ला सोहनलाल निवासी कारीगर के बेटे सुमित ने बताया कि उनके पिता विनय वर्मा आभूषण बनाने का काम करते थे। उनकी दुकान दिल्ली गेट पर है। पिछले दिनों उनको चौपला मार्केट स्थित एके जूलर के मालिक अमित ने भी आभूषण बनाने का उनको ऑर्डर दिया था, जो उनके बेटे अनुज को पसंद नहीं आया। इसी बात पर बृहस्पतिवार रात को अमित गोयल और अनुज उनके पिता की दुकान पर पहुंचे और उनकी पिटाई शुरू कर दी। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गए तो आरोपी वहां से चले गए।
इसकी जानकारी मिलने पर परिवार के लोग पहुंचे और उनको निकट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। एसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। दिल को जांच के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है। विसरा भी सुरक्षित रखवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
निराधार बताए आरोप :
अनुज व अमित गोयल ने बताया कि विनय वर्मा और उनका बेटा खुद उनकी दुकान पर आए थे। उन्होंने उनसे हाथापाई की। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास है, जो पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। हत्या का आरोप पूरी तरह निराधार है। विनय वर्मा दिल के मरीज थे। हार्ट अटैक से ही उनकी मौत हुई है।