गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की केडब्ल्यूए सृष्टि सोसायटी के रहने वाले इंटीरियर डिजाइनर तरुण पंवार 16 अगस्त से लापता है। अंदेशा जताया जा रहा है कि तरुण की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में संदिग्ध बोले कि उन्होंने गला दबाकर हत्या कर शव के पांच-छह टुकड़े करके हापुड़ के बाबूगढ़ और बुलंदशहर के बीबीनगर में नहर में फेंक दिए।
पुलिस ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि 16 अगस्त को उन्होंने तरुण को कॉल करके बुलाया था। तरुण से सात लाख रुपये को लेकर विवाद था। जब वह आया तो उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद उन्होंने तरुण की मधुबन बापूधाम क्षेत्र में गला दबाकर हत्या की और फिर शव कार में ले जाकर बीबीनगर में एक नहर के किनारे फावड़े से टुकड़े किए। जिसके कुछ हिस्से बीबीनगर में और कुछ बाबूगढ़ में फेंके। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्धों ने हत्या करने की बात कुबूल की है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। शव की तलाश के लिए टीम लगी है।